February 27, 2026


बिलासपुर । जिले के‌ बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम रहगी में कल 28 फरवरी शनिवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम से पूर्व जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। बिलासपुर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक के साथ देर रात कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, किसानों के पंजीयन काउंटर तथा मीडिया व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम भी उपस्थित रही। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि यह किसानों से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। बिल्हा विधायक कौशिक ने भी कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित होने पर संतुष्टि जाहिर किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरण करेंगे। यह राशि प्रदेशभर के किसानों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे तथा कुछ किसानों से संवाद कर योजना के प्रभाव की जानकारी भी लेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *