
बिलासपुर । मंगला के कामाख्या मंदिर में कल 15 अक्टूबर शुक्रवार को भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। दीनदयाल कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड मंगला में इस चुनरी यात्रा को लेकर जोर-जोर से तैयारी चल रही हैं। चुनरी यात्रा में मैहर की 51 मीटर लंबी चुनरी विशेष रूप से तैयार कर मंगाई गई है। इस चुनरी यात्रा के लिए भक्तों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। कामाख्या मंदिर से शुरू होकर चुनरी यात्रा दीनदयाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मंगला स्थित शारदा मंदिर पहुंचेगी। चुनरी यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत कॉलोनी वासियों के द्वारा किया जाएगा। शारदा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष वर्मा ने बताया कि चुनरी यात्रा में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला के द्वारा की जाएगी। बिलासपुर महापौर पूजा विधानी समेत अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। शारदा मंदिर में यात्रा के समापन के बाद भोज भंडारे का आयोजन भी रखा गया है। गौरतलब है कि दीनदयाल कॉलोनी के प्रतिष्ठित वर्मा परिवार द्वारा शारदा मंदिर के लिए मैहर से विशेष रूप से माता रानी की प्रतिमा लाकर स्थापित की गई है और प्रत्येक दिन शारदा मंदिर में जसगीत मातासेवा भजन गायन वादन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिससे आसपास का माहौल पूरी तरह से भक्ति मय बना हुआ है। ऐसी मान्यता है कि यहां पर शारदा माता से सच्चे मन से श्रद्धालु जो भी अपनी मनोकामना करते हैं वह अवश्य पूरी होती है यही वजह है कि दूर दराज के इलाकों से दीनदयाल कॉलोनी स्थित शारदा मंदिर में माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालु आए दिन पहुंचते रहते हैं। नवरात्र के अवसर पर शारदा मंदिर में तेल और घी के मनोकामना ज्योति कलश भी स्थापित किए गए हैं।
