April 8, 2026

रायपुर । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का आबकारी महकमा इन दिनों खासा चर्चे में है। यह चर्चा एक अघोषित वसूली को लेकर है। आबकारी विभाग ने जिले में संचालित बार से दो – दो लाख रुपए की वसूली की है। इस तरह की वसूली तकरीबन 50 बार संचालकों से किए जाने की चर्चा सरगर्म है। इस अवैध वसूली से आबकारी आयुक्त आर संगीता और दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह की साफ सुथरी छवि तार – तार होकर रह गई है।
       बताया जा रहा है कि हाल ही में दुर्ग जिले में संचालित बीयर बार सह रेस्टोरेंट के लाइसेंस का नवीनीकरण आबकारी विभाग द्वारा किया गया है। लाइसेंस नवीनीकरण के बाद इन सभी बार संचालकों से आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दो – दो लाख रुपए मांगे। अधिकारियों ने अपनी अघोषित नियम का हवाला देकर प्रत्येक बार संचालक से निर्धारित दो लाख रुपए की रकम वसूल कर लिया है। इस रकम को अधिकारियों ने किस खजाने में जमा कराए हैं, इसका कोई खुलासा नहीं होने से साफ तौर पर अवैध वसूली माना जा रहा है।
     आपको बता दें कि वर्तमान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर संगीता आबकारी आयुक्त हैं। पूर्व में दुर्ग कलेक्टर रह चुकी आर संगीता को कर्तव्यनिष्ठ महिला अधिकारी माना जाता है। वर्तमान में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह की छवि भी एक ईमानदार और सुलझे हुए आईएएस के रूप में बनी हुई है। इन दोनों अधिकारियों के रहते आबकारी विभाग के कतिपय अधिकारियों के द्वारा जिले के बार संचालकों से अवैध वसूली का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी से दूरभाष पर उनका कथन लेने का प्रयास किन्हीं कारणों से सफल नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *