
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष पद हेतु निर्वाचन संपन्न
राजस्व अधिकारियों की गरिमा, सुरक्षा एवं सेवा हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प
रायपुर । छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष पद हेतु पूर्व घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 28 जून 2026 को संघ के आधिकारिक व्हाट्सएप समूह के माध्यम से लोकतांत्रिक, पारदर्शी एवं गोपनीय मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रांताध्यक्ष पद हेतु केवल एक वैध नामांकन प्राप्त हुआ था। संघ द्वारा पूर्व में घोषित निर्वाचन प्रक्रिया के अनुरूप एकमात्र नामांकन प्राप्त होने की स्थिति में भी समस्त सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्हाट्सएप मतदान के माध्यम से मत प्राप्त किए गए।
मतदान समाप्ति उपरांत प्राप्त परिणाम के अनुसार संघ के आधिकारिक व्हाट्सएप समूह में उपस्थित 563 सदस्यों में से 301 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। इनमें 298 सदस्यों ने समर्थन में तथा 03 सदस्यों ने विरोध में अपना मत प्रदान किया।
इस प्रकार बलौदा बाजार जिले के लवन तहसीलदार पेखन टोंडरे को संघ के आधिकारिक व्हाट्सएप समूह में उपस्थित कुल सदस्यों के 50 प्रतिशत से अधिक (लगभग 52.93 प्रतिशत) का समर्थन प्राप्त हुआ, जो निर्वाचन समिति द्वारा पूर्व निर्धारित शर्तों के अनुरूप है।
अतः निर्वाचन समिति द्वारा पेखन टोंडरे को छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का प्रांताध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया जाता है। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से प्रभावशील होगा।
निर्वाचन समिति ने अवगत कराया कि वर्तमान प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे के 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने के फलस्वरूप वर्तमान प्रांतीय कार्यकारिणी उसी दिन से स्वतः भंग मानी जाएगी। इसके पश्चात नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष द्वारा संघ के संविधान एवं परंपराओं के अनुरूप नवीन प्रांतीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का मनोनयन कर आधिकारिक घोषणा की जाएगी। नवीन कार्यकारिणी की घोषणा के उपरांत वही कार्यकारिणी संघ के समस्त संगठनात्मक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन हेतु पूर्ण रूप से अधिकृत होगी।
आपकों बता दें कि लवन तहसीलदार नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष पेखन टोंडरे ने निर्वाचन उपरांत सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संघ सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, संगठनात्मक एकता तथा राजस्व अधिकारियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी कार्यकाल में संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा की रक्षा होगी। हाल के वर्षों में शासकीय कार्य के दौरान अधिकारियों के साथ हुई अभद्रता, मारपीट तथा शासकीय कार्य में बाधा जैसी घटनाओं को गंभीरता से उठाते हुए शासन स्तर पर स्थायी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संघ शासन के समक्ष लंबित सभी प्रमुख मांगों के निराकरण हेतु सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख संवाद को आगे बढ़ाएगा। इनमें प्रत्येक तहसील कार्यालय में पर्याप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता, आवश्यक कार्यालयीन संसाधन, शासकीय वाहन सुविधा, न्यायालयीन कार्यों हेतु आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण, राजस्व न्यायालयों का आधुनिकीकरण, डिजिटल राजस्व प्रशासन को बढ़ावा, सेवा संबंधी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण, रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति, पदोन्नति एवं वरिष्ठता संबंधी विषयों का समाधान तथा अधिकारियों के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर निष्पक्ष परीक्षण जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।
नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष ने यह भी कहा कि संगठन केवल मांगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक जिले में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, जिला इकाइयों को सुदृढ़ करने, सदस्यों से नियमित संवाद स्थापित करने, नवपदस्थ अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन तथा शासन एवं संघ के मध्य सतत एवं सकारात्मक समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।
निर्वाचन समिति ने इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागी सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्वाचन संघ की लोकतांत्रिक परंपरा, पारदर्शिता एवं संगठनात्मक परिपक्वता का प्रतीक है।
समिति ने वर्तमान प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार लहरे के नेतृत्व, संगठन के प्रति समर्पण तथा तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के हितों के संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। साथ ही नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष पेखन टोंडरे को सफल, प्रभावी एवं संगठनहितैषी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी संगठन के रूप में कार्य करेगा।

