



बिलासपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन
बिलासपुर। 25 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्र 2025 – 26 का आयोजन बिलासपुर में 15 से 18 अक्टूबर तक किया गया। यहां पर चार दिवसीय आयोजन में प्रदेश के पांचो संभाग के 1065 बच्चे, 150 से अधिक कोच मैनेजर, 200ऑफिशियल्स एवं 200 खेल शिक्षक कर्मचारियों ने भाग लिया । प्रतियोगिता में इस वर्ष बिलासपुर जिले को बेस बॉल, कबड्डी, और कराते का आयोजन करने की जिम्मेदारी मिली थी जिसमें सभी संभागों के 14 से 19 वर्ष के बालक बालिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज मुझे अपना विद्यार्थी जीवन याद आ रहा है। जब हम पढ़ा करते थे तब हमारे गुरुदेव कहते थे, खेलो ऐसे खेल पढ़ाई बन जाए और पढ़ाई ऐसे करो कि पढ़ाई खेल बन जाए। मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए आप सबको अपने जीवन में आगे बढ़ना है। गीता में भगवान कृष्ण ने उपदेश देते हुए कहा कि कर्म करो किंतु फल की इच्छा मत करो। खिलाड़ी हार और जीत की परवाह के बगैर खेलों में भाग लेता है और अपना कर्म करता है। जब हम सर्वांगीण विकास की बात करते हैं तो जीवन में शारीरिक विकास बहुत महत्वपूर्ण है और इसीलिए देश के प्रधानमंत्री मोदी जी खेलो इंडिया के माध्यम से खेल एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। वही छत्तीसगढ़ राज्य के मुखिया विष्णु देव साय भी विद्यार्थी जीवन से ही शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कर हमारे इन बेटे बेटियों के लिए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। आप सभी ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया इसके लिए आप सभी को हार्दिक बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मंत्री जी ने प्रत्येक संभाग के पंडाल में जाकर बच्चों के बीच फोटो खिंचवाया और बच्चों को बधाई दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खिलाड़ी कबड्डी के मैदान में चोट की परवाह किए बगैर बाजी कैसे जीतना है इस पर ध्यान केंद्रित करता है। बचपन में हम लोग भी खेल खेलते थे। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी खेलो इंडिया के माध्यम से खेल के विकास के लिए काम कर रहे हैं वहीं हमारे मुख्यमंत्री जी भी प्रदेश में खेल के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। खेल के क्षेत्र में जो पुरस्कार दिया जाता था उसे पुनः शुरू कर खेल एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। खेल में जीत हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल में भाग लेना होता है। आप सभी इस प्रतियोगिता में भाग लिए इसके लिए आप बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह , जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंबिका साहू, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर श्री अमित कुमार, प्रतिनिधि संतोष कश्यप, विनोद कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे, वर्षा शर्मा सहायक संचालक, रघुवीर सिंह राठौर सहायक संचालक, अखिलेश मेहता, सुशील मिश्रा, डॉ.सुरेश शुक्ला, भारती दुबे, कमलेश्वर यादव, आशीष मिश्रा, अनिल सिंह, जसपाल कौर, संदीप त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।