May 12, 2025

कोरबा / जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के  कोरबा और जांजगीर जिलों में आज दो हृदय विदारक घटनाओं में कुल 9 लोगों को जान गंवानी पड़ी। सभी लोग कुएं में जहरीली गैस से रिसाव की चपेट में आकर मारे गए।

आपको बता दें कि जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम किकिरदा में एक व्यक्ति लकड़ी निकालने के लिए उतरा था। उसके बाद एक-एक कर पांच अन्य लोग भी उस कुएं में उतरे गए, जहां गैस की चपेट में आने से उन लोगों की मौत हो गई । इसी तरह से कोरबा जिले के कटघोरा के जुराली गांव में भी घटना घटी है। यहां पर एक व्यक्ति कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के लिए उसकी बेटी कुएं में उतरी और इन दोनों को बचाने दो और पड़ोसी भी कुएं में उतर गए, लेकिन चारों की मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों ही घटना पर गहरा दुख जताया है। मिली जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा के बिर्रा थाने के किकिरदा गांव का 60 वर्षीय रामचंद्र जायसवाल कुएं में गिरी लकड़ी को बाहर निकालने के लिए आज सुबह नीचे उतरा था। जब नीचे से उसने बचाव के लिए आवाज लगाई तो उसकी पत्नी ने शोर मचाया। पड़ोस का रमेश पटेल (50 वर्ष) पहुंचा और उसे बचाने के लिए वह कुएं में उतर गया। जब नीचे उसका भी दम घुटने लगा तो उनको बचाने के लिए उसके दो बेटे 20 वर्षीय राजेंद्र और 25 वर्षीय राजेंद्र भी कुएं में उतर गए। इस दौरान वहां भीड़ जमा हो चुकी थी। कुएं से कोई हलचल सुनाई नहीं देने पर एक अन्य पड़ोसी 25 वर्षीय टिकेश्वर चंद्रा भी नीचे उत्तर गया। नीचे उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद लोगों में भारी घबराहट और बदहवासी फैल गई। पुलिस को तुरंत खबर की गई। बिर्रा थाने के प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि सभी की जहरीली गैस से मौत की आशंका है।

वहीं कोरबा जिले में भी कुएं में चार लोगों की मौत हो जाने की खबर मिली है। कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया गया है।जानकारी के अनुसार कटघोरा थाने के जुराली गांव के डिपरा पारा में जहरू नाम का एक व्यक्ति कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए उसकी 20 साल की बेटी सकीना नीचे उतरी तो उसकी भी मौत हो गई। दोनों को बचाने के लिए गांव के ही कलीराम और एक अन्य व्यक्ति भी कुंए में उतरे। इसके अलावा गांव के ही सुनील कुमार भी कुएं में उतरे लेकिन सुनील की सांस फूलने के कारण वह बाहर निकल आया। बाकी चारों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने जताई गहरी संवेदना, 9-9 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश
प्रदेश में कोरबा जिले में कुएं से डूबने से 4 लोगों की और सक्ती जिले में कुएं में जहरीली गैस से हुई दुर्घटना से 5 लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है तथा पीडि़त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 9-9 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये हैं। इसमें से 4-4 लाख रुपए आरबीसी छह-चार के अंतर्गत तथा मुख्यमंत्री की ओर से 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि शामिल है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *